यूनानी डे कार्यक्रमों कि श्रंखला में मेगा स्वास्थ्य शिविर और रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया।
- Bureau ApnaSamachar
- Feb 10
- 2 min read

भोपाल :-आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार यूनानी डे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत दिनांक 09 फरवरी 2026 को शासकीय यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आयुष ग्राम, मुगलिया छाप, तहसील हुजूर, जिला भोपाल एवं आरिफ नगर, भोपाल में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मेहमूदा बेगम द्वारा बताया गया कि आयुष मंत्रालय द्वारा यूनानी डे वर्ष 2026 की थीम “Innovation and Evidence in Unani Practice” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य यूनानी चिकित्सा पद्धति में नवाचार तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने बताया कि शिविर के अंतर्गत लाभार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, शुगर जांच एवं निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही लाभार्थियों को औषधीय पौधे भेंट किए गए तथा पोषणाहार प्रदर्शनी के माध्यम से पोषण परामर्श एवं जन-जागरूकता प्रदान की गई।

शिविर प्रभारी डॉ. सुनील वाने ने जानकारी दी कि मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 823 लाभार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया तथा 141 लाभार्थियों की निःशुल्क शुगर जांच की गई। शिविर के दौरान चिकित्सालय में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं रेजीमेनल थैरेपी पद्धतियों की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता अनुसार रोगियों को महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में रेफर किया गया।

आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्विधा, सुप्रजा एवं वयोमित्र कार्यक्रमों के माध्यम से शिविर में उपस्थित गर्भवती महिलाओं, वृद्धजनों एवं स्कूल के छात्रों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा औषधीय पौधों के उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष डॉ. खुर्शीद आलम ने बताया कि दिनांक 09 फरवरी 2026 को शासकीय यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सालय में शासकीय गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के छात्र एवं अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा स्वेच्छा से 18 यूनिट रक्त प्रदान किया गया, जिस पर गांधी चिकित्सा महाविद्यालय की ब्लड बैंक टीम द्वारा महाविद्यालय का आभार व्यक्त किया गया।




Comments