यूनानी मेडिकल ऑफिसर के लिए छह दिवसीय सीएमई कार्यक्रम का शुभारंभ। विक्षेषज्ञों दुआरा यूनानी चिकित्सा एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति के बीच समन्वय पर ज़ोर दिया।

भोपाल, 16 नवंबर 2026।
हकीम सैयद ज़ियाउल हसन शासकीय यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग तथा आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन के संरक्षण में यूनानी मेडिकल ऑफिसर्स के लिए आयोजित छह दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा (Continuing Medical Education – CME) कार्यक्रम का शुभारंभ आज महाविद्यालय के हकीम मोहम्मद आज़म ख़ान सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ हुआ।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. नरेंद्र कोटवाल, निदेशक, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), भोपाल तथा प्रो. सैयद शाह आलम, निदेशक, राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान (NIUM), बेंगलुरु उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. महमूदा बेगम ने अतिथियों का स्वागत किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छह दिवसीय सीएमई कार्यक्रम के आयोजन की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर हो रहे अनुसंधान एवं नवीन वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित रहना चिकित्सा अधिकारियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के ज्ञान, व्यावहारिक कौशल एवं चिकित्सकीय दक्षता को बढ़ाने में उपयोगी और सार्थक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में डॉ. एस.एम. अब्बास जैदी ने मुख्य वक्तव्य (Keynote Address) प्रस्तुत किया। उन्होंने सतत चिकित्सा शिक्षा की आवश्यकता और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर विकसित हो रहे ज्ञान एवं अनुसंधान से जुड़े रहने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सा अधिकारियों को नवीनतम शोध, वैज्ञानिक निष्कर्षों और उपचार की विकसित होती पद्धतियों से परिचित कराने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक अनुभव को और अधिक प्रभावी बनाते हैं। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों एवं विशेषज्ञों के बीच आपसी सहयोग, संवाद और ज्ञान के आदान-प्रदान को भी आवश्यक बताया।
विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. नरेंद्र कोटवाल, निदेशक, AIIMS भोपाल ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य की व्यापक अवधारणा तथा विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बीच सहयोग की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वे इस कार्यक्रम में केवल AIIMS के निदेशक अथवा एंडोक्राइनोलॉजिस्ट के रूप में नहीं, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े एक अधिकारी और जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का अर्थ केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ होना नहीं है, बल्कि इसमें शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक स्वास्थ्य सभी शामिल हैं। उन्होंने यूनानी चिकित्सा पद्धति की समग्र उपचार दृष्टि (Holistic Approach) की सराहना करते हुए कहा कि यूनानी चिकित्सा सदियों के अनुभव और ज्ञान पर आधारित एक समृद्ध चिकित्सा परंपरा है, जिसका विकास यूनान से अरब और ईरान होते हुए भारत तक हुआ और यहां इसे व्यापक रूप से विकसित होने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि यूनानी चिकित्सा पद्धति रोग के साथ-साथ व्यक्ति के संपूर्ण शरीर, उसके मिजाज, मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक स्थिति तथा जीवनशैली को भी ध्यान में रखती है। वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही जीवनशैली से संबंधित बीमारियों (Lifestyle-related Diseases) के संदर्भ में इस समग्र दृष्टिकोण की विशेष उपयोगिता है।
डॉ. कोटवाल ने स्पष्ट किया कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और यूनानी चिकित्सा पद्धति को एक-दूसरे का प्रतिस्पर्धी नहीं समझना चाहिए। दोनों की अपनी-अपनी विशेषताएं, उपयोगिता और महत्व हैं। आवश्यकता इस बात की है कि दोनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ आपसी सहयोग, संवाद और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मरीजों को अधिक प्रभावी और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में अनुसंधान, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा विभिन्न चिकित्सा विधाओं के बीच सहयोग को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
प्रो. सैयद शाह आलम ने महाविद्यालय को इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन के लिए बधाई दी तथा कार्यक्रम में सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मेडिकल ऑफिसर्स स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि वे सीधे मरीजों के संपर्क में रहते हैं। उन्हें मरीजों की समस्याओं, रोग की प्रकृति, उपचार के प्रभाव तथा चिकित्सकीय परिस्थितियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल ऑफिसर्स के इस व्यावहारिक एवं क्लिनिकल अनुभव को चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, वैज्ञानिक अध्ययनों और नई खोजों से जोड़ना आवश्यक है। इससे उनके उपचार संबंधी दृष्टिकोण में व्यापकता आएगी तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सीएमई कार्यक्रमों को चिकित्सा अधिकारियों के ज्ञानवर्धन एवं पेशेवर क्षमता विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. एहसान अहमद ने किया। अंत में आयोजन समिति के आयोजन सचिव डॉ. मोहम्मद नसीम खान ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों और संस्थानों के प्रति विस्तृत रूप से आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि छह दिवसीय यह सीएमई कार्यक्रम यूनानी मेडिकल ऑफिसर्स के ज्ञान एवं चिकित्सकीय दक्षता के विकास, नवीनतम चिकित्सा अनुसंधानों से परिचय तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।




Comments